भोपाल में 3 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संवाद 17 अप्रैल से

भोपाल, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की आध्यात्मिक और धार्मिक नगरी उज्जैन में वर्ष 2016 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ से पहले विभिन्न वर्गो से विचार-विमर्श का दौर चल रहा है। इसी क्रम में राजधानी भोपाल में ‘जीवन आधारित मूल्य’ विषय पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संवाद का आयोजन किया जा रहा है। यहां 17 अप्रैल से शुरू होने वाले इस संवाद में विभिन्न विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को इस आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि आदि काल से आयोजित किए जाने वाले महाकुंभ में ऋषि, मुनि सहित समाज के प्रमुख लोग इकट्ठा होकर समस्याओं पर न केवल चर्चा करते थे, बल्कि उसका निदान भी सुझाते थे। उसी परंपरा को ध्यान में रखकर राज्य सरकार विभिन्न वर्गो से संवाद करने जा रही है।

चौहान ने बताया कि 17 से 19 अप्रैल तक भोपाल में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय संवाद में विभिन्न विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इस संवाद में प्रमुख तौर पर पांच विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें प्रशासन में मूल्य, शिक्षा में मूल्य, स्वास्थ्य में मूल्य और मीडिया में मूल्य शामिल हैं।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि उज्जैन में कुंभ शुरू होने से पहले विभिन्न विषयों और दुनिया की समस्याओं पर चर्चा करने के मकसद से संवाद आयोजित किए जा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493