सुरक्षा परिषद सुधार वार्ता के लिए नेता नामित

संयुक्त राष्ट्र, 21 नवंबर (आईएएनएस)। सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए ज्यादा व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नाडा एस्पिनोसा ग्रेसेस ने संयुक्त अरब अमीरात की स्थायी प्रतिनिधि लाना जकी नुस्सेबेह व लक्जमबर्ग के क्रिस्टियन ब्राउन को वार्ता का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किए जाने की घोषणा की है।

नुस्सेबेह बीते महासभा सत्र में जार्जिया के काहा इम्नादेज के साथ अंतर सरकारी वार्ता (आईजीएन) की सह-मध्यस्थ थी। आईजीएन को सुधार प्रक्रिया के रूप में जानते हैं। जार्जिया के इम्नादेज की जगह अब ब्राउन ले रहे हैं।

एस्पिनोसा ने मंगलवार को महासभा में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि परिषद सुधार उन महत्वपूर्ण विषयों में से एक है, जिसके लिए हमारे बेहतरीन कूटनीतिक कौशल की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सदस्य सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत को अनिवार्य मानते हैं और सितंबर में उच्चस्तर के महासभा सत्र के दौरान दुनिया के 80 नेताओं ने इस बात को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा, “हमारे प्रयासों के बावजूद हम संयुक्त राष्ट्र की इस जरूरी संस्था के सुधार के बारे में अब तक किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं।”

उन्होंने कहा, “इस प्रक्रिया में वास्तविक नतीजों को हासिल करने के लिए हमें निश्चितता व राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493