रामल्ला, 9 फरवरी (आईएएनएस)। एक शीर्ष राजनयिक ने मंगलवार को कहा कि इजरायल और फिलिस्तीन के अधिकारी पश्चिमी तट के सुरक्षा हालात पर एक बैठक में विचार-विमर्श करेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, फिलिस्तीन लिबरेशन आर्गनाइजेशन (पीएलओ) के महासचिव साएब एरेकात ने इस बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी।
एक वरिष्ठ फिलिस्तीनी अधिकारी ने कहा कि फिलिस्तीनी प्रतिनिधिमंडल इजरायली पक्ष को अतीत में किए गए सभी समझौतों और संधियों के लिए अपनी प्रतिबद्धता को साफ शब्दों में बताएगा।
अधिकारी ने कहा, “लेकिन, अगर इजरायल फिलिस्तीन शासित क्षेत्रों पर धावा बोलना जारी रखेगा तो फिर फिलिस्तीन राष्ट्रीय प्राधिकरण (पीएनए) इन तमाम समझौतों पर पुनर्विचार करेगा।”
मार्च में पीएलओ की केंद्रीय समिति ने इजरायल के साथ सुरक्षा सहयोग खत्म कर दिया था। मध्यपूर्व शांति प्रक्रिया में गतिरोध और इजरायल की नीतियों के विरोध में समिति ने कहा था कि इजरायल के साथ हुए सभी समझौतों और संधियों पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
राष्ट्रपति महमूद अब्बास की फतह पार्टी का प्रतिद्वंद्वी फिलिस्तीन इस्लामी संगठन हमास इजरायल के साथ किसी भी तरह के सुरक्षा सहयोग के खिलाफ है।
बीते साल अक्टूबर से दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई हिंसा में अब तक 170 फिलिस्तीनी और 30 इजरायली मारे जा चुके हैं।
एरेकात ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से इजरायल पर ‘फिलिस्तीनी अवाम के खिलाफ किए जा रहे हमलों’ का विरोध करने और उस पर दस्तखत किए गए समझौतों पर अमल के लिए दबाव डालने की अपील की है।
dharmpath.com dharmpath