सुरेश प्रभु ने पहले अंत्योदय एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने सोमवार को देश के पहले अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। एक आधिकारिक वक्तव्य में यह जानकारी दी गई।

कोच्चि के एर्नाकुलम स्टेशन से हावड़ा स्टेशन के बीच शुरू हुई यह ट्रेन देश की ऐसी पहली सुपरफास्ट ट्रेन है जो पूरी तरह अनारक्षित श्रेणी की है।

रेलमंत्री ने यहां रेल भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

देश की पहली अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन करते हुए रेलमंत्री ने कहा, “हम आज (सोमवार) देश के पहले अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत कर रहे हैं..जल्द ही तेजस और उदय एक्सप्रेस ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी। अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेनें लंबी दूरी की, पूरी तरह अनारक्षित, सुपरफास्ट ट्रेनें हैं, जिन्हें देश की आम जनता के लिए सबसे व्यस्त रेलमार्ग पर शुरू किया गया है।”

बिल्कुल नई श्रेणी की इन ट्रेनों में कई सुविधाएं दी गई हैं, जिनमें सामान रखने के लिए गद्दीदार रैक हैं जिन्हें सीट की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकेगा, पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिग सुविधा, मॉड्यूलर शौचालय, शौचालय इस्तेमाल होने की जानकारी देने वाला डिस्प्ले, एलईडी लाइट शामिल हैं।

22 डिब्बों वाली यह ट्रेन 2,307 किलोमीटर की दूरी 37 घंटों में तय करेगी।

रेलमंत्री ने राजस्थान के श्रीगंगानगर से तमिलनाडु में तिरुचिरापल्ली के बीच एक हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।

हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन आम नागरिकों के लिए शुरू की गई पूरी तरह वातानुकूलित सुविधायुक्त ट्रेन है, जिसकी घोषणा पिछले वर्ष रेल बजट में की गई थी। पूरी ट्रेन में वातानुकूलित 3 टीयर डिब्बे होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493