सुशील को पीडब्ल्यूएल की उप्र फ्रेंचाइजी ने नकद इनाम दिया (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। देश के पहले कुश्ती लीग टूर्नामेंट ‘प्रो कुश्ती लीग’ (पीडब्ल्यूएल) की उत्तर प्रदेश फ्रेंचाइजी ने देश के शीर्ष पहलवान सुशील कुमार को सोमवार को 11 लाख रुपये का नकद इनाम प्रदान किया।

फ्रेंचाइजी ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “पीडब्ल्यूएल और उत्तर प्रदेश फ्रेंचाइजी के आइकॉन खिलाड़ी एवं दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता सुशील कुमार को 11 लाख रुपये का नकद इनाम प्रदान किया गया।”

गौरतलब है कि तीन नवंबर को पीडब्ल्यूएल के पहले संस्करण के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में उत्तर प्रदेश फ्रेंचाइजी के मालिक लोटस ग्रीन ने सुशील को 38.2 लाख रुपये की बोली पर टीम के साथ जोड़ा।

वक्तव्य में आगे कहा गया है, “टीम का मानना है कि सुशील टीम के साथ-साथ देश के लिए बेहद मूल्यवान हैं।”

पीडब्ल्यूएल का पहला संस्करण 10 से 27 दिसंबर के बीच खेला जाएगा, जिसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य टीमों में पंजाब, बेंगलुरू, दिल्ली, हरियाणा और मुंबई शामिल हैं।

नीलामी में भारत और विदेशों के कुल 159 पहलवान शामिल हुए, जिनमें से 54 खिलाड़ियों पर टीमों ने सफल बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा। प्रत्येक टीम ने नीलामी से नौ खिलाड़ियों को खरीदा।

लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त को हरियाणा फ्रेंचाइजी ने 39.7 लाख रुपये में खरीदा। योगेश्वर के बाद सुशील भारतीय पुरुष पहलवानों में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें उप्र फ्रेंचाइजी ने 38.2 लाख रुपये में खरीदा।

पीडब्ल्यूएल के पहले संस्करण में कुल 18 मैच होंगे, जिसमें 15 मैच लीग चरण में, दो सेमीफाइनल और अंत में एक फाइनल मैच शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493