नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने न तो भ्रष्टाचार किया है और न ही कोई अनुचित काम किया है। सुषमा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी को पुर्तगाल जाने के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता करने के चलते विवादों में हैं।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान सुषमा और ललित मोदी विवाद पर एक प्रश्न के जवाब में कहा, “हम इस बात पर अडिग हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और अनुचित कार्यो का कोई आरोप नही है। देश की जनता को हमारे ऊपर भरोसा है।”
उन्होंने कहा, “जहां तक सुषमा जी द्वारा अनुचित काम करने की बात है, मैं इस बात से इत्तेफाक नहीं रखता। अरुण जेटली और राजनाथ सिंह सभी बातों का विस्तृत जवाब दे चुके हैं। यह मामला दयाभाव में हस्तक्षेप का है।”
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को मंगलवार को वित्त मंत्री अरुण जेटली का जोरदार समर्थन मिला था। उन्होंने सुषमा के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को निराधार करार दिया था।
विवाद में राजस्थान की मुख्यमंत्री का भी नाम आया है। रविशंकर ने कहा कि केंद्र सरकार इन दस्तावेजों की जांच करेगी।
उन्होंने कहा, “वसुंधरा जी ने कल इस पर थोड़ी-बहुत बात की है, मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि वह इस मामले का जवाब देंगी।”
उन्होंने कहा, “हालांकि दस्तावेजों पर कल किसी के भी हस्ताक्षर नहीं दिखे थे।”
dharmpath.com dharmpath