नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने खून के संक्रमण से पीड़ित फ्रांस के अस्पताल में भर्ती एक भारतीय को मदद करने का सोमवार को भरोसा दिया। सुषमा को विदेशों में भारतीयों की मदद के लिए जाना जाता है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव मनजिंदर एस. सिरसा द्वारा अमरिंदर सिंह के परिवार की याचिका को ध्यान में लाने पर सुषमा ने ट्वीट किया, “मैंने फ्रांस में भारतीय दूतावास से कहा है कि वह अस्पताल में आपके बेटे की पूरी मदद करें।”
सिरसा ने अमरिंदर सिंह के परिवार के एक सदस्य का वीडियो साझा किया था, जो इस समय स्वास्थ्य समस्या की वजह से फ्रांस में मुश्किल में है।
उन्होंने कई श्रृंखलाबद्ध ट्वीट में कहा, “अमरिंदर का परिवार अपने बेटे का जीवन बचाने के लिए फ्रांस जाना चाहता है, क्योंकि वह खून में संक्रमण से जूझ रहा है।”
उन्होंने कहा, “अमरिंदर सिंह का मामला चिंता का विषय है। मैं सुषमा स्वराज जी से आग्रह करता हूं कि मामले को सहानुभूति पूर्वक देखें।”
सिरसा ने मुश्किल में पड़े माता-पिता को जल्द से जल्द वीजा तथा अन्य आवश्यक सहायता के लिए अपील की।
dharmpath.com dharmpath