नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी की मदद करने को लेकर उपजे विवाद पर कांग्रेस के सुषमा स्वराज पर हमले जारी हैं। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को कहा कि विदेश मंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पिछले साल लंदन के एक होटल में उन्होंने भारतीय उच्चायुक्त के प्रतिनिधि की गैरमौजूदगी में ललित मोदी से मुलाकात की थी।
मीडिया रपटों में दावा किया गया है कि सुषमा स्वराज ने पिछले साल अक्टूबर में लंदन दौरे के दौरान रात्रिभोज के दौरान ललित मोदी से मुलाकात की थी। इन्हीं रपटों पर दिग्विजय सिंह ने कहा, “क्या यह सच है कि सुषमा जी ने लंदन के एक होटल में भारतीय उच्चायुक्त के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना कीथ वाज और ललित मोगी से मुलाकात की थी? सुषमा स्वराज को इस मामले पर सफाई देनी चाहिए।”
समाचार चैनल एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सुषमा स्वराज ने लंदन में ललित मोदी से निजी रात्रिभोज कार्यक्रम के दौरान मुलाकात की थी, जिसका आयोजन एक होटल व्यवसायी जोगिंदर सेंगर ने किया था। जोगिंदर केंसिंग्टन होटल के मालिक हैं, जहां पर सुषमा स्वराज प्रवासी भारतीय दिवस के लिए लंदन की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान रुकी थीं।
वित्तीय अनियतमितताओं के मामले में भारतीय प्रवर्तन निदेशालय ने ललित मोदी को वांछित घोषित किया है।
चैनल ने सुषमा के दफ्तर के सूत्रों के हवाले से बताया कि चूंकि निजी रात्रिभोज सुषमा स्वराज के लंदन पहुंचने के बाद अर्धरात्रि के समय शुरू हुआ था, इसीलिए वहां पर भारतीय उच्चायुक्त रंजन मथाई उपस्थित नहीं थे या कि उन्हें बुलाया नहीं गया था।
दिग्विजय ने यह भी कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को सामने आकर उन आरोपों पर जवाब देना चाहिए कि उन्होंने 2011 में ललित मोदी के ब्रिटिश आव्रजन आवेदन के पक्ष में गवाही दी थी।
दिग्विजय ने ट्वीट कर यह भी आरोप लगाया कि ललित मोदी द्वारा मंगलवार रात दिए गए साक्षात्कार से मेरी आशंका की पुष्टि हुई है कि, “यह पूरी कहानी बड़े मोदी द्वारा लिखी गई है और इसे छोटे मोदी ने बयां किया है।”
साक्षात्कार में पूर्व आईपीएल प्रमुख मोदी ने कहा था कि उनके सुषमा स्वराज और वसुंधरा राजे के साथ घनिष्ठ संबंध हैं।
सुषमा स्वराज पर पिछले साल ललित मोदी को पुर्तगाल जाने के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता करने के संबंध में विपक्ष द्वारा हमला किया जा रहा है। पुर्तगाल में ललित मोदी की पत्नी का इलाज चल रहा था, जिसके लिए उन्हें वहां जाना था।
यद्यपि सुषमा ने इस बात पर सफाई देते हुए कहा है कि उन्होंने मानवता के आधार पर ललित मोदी की सहायता की थी, लेकिन विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath