नई दिल्ली/इस्लामाबाद, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अफगानिस्तान पर होने वाली एक बैठक में शिरकत करने के लिए मंगलवार को पाकिस्तान का दौरा करेंगी। इस दौरान वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी मिलेंगी।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, “विदेश मंत्री सुषमा स्वराज इस्लामाबाद में नौ दिसम्बर को अफगानिस्तान पर होने वाली ‘हार्ट ऑफ एशिया’ की पांचवीं मंत्रीस्तरीय बैठक के लिए भारतीय दल की अगुवाई करेंगी।”
इससे पहले केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने सुषमा के मंगलवार को इस्लामाबाद जाने और वहां से लौटने के बाद संसद के दोनों सदनों में एक बयान देने की बात कही थी।
उधर, इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने सोमवार को कहा कि वह सुषमा से मिलने के लिए उत्सुक हैं।
‘डेली पाकिस्तान’ की रिपोर्ट के अनुसार, अजीज ने कहा कि दोनों देशों के बीच विवादों के समाधान के लिए बातचीत ही एकमात्र उपाय है और सुषमा इस यात्रा के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी मिलेंगी।
सुषमा की पाकिस्तान यात्रा रविवार को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की मुलाकात के बाद हो रही है, जिसमें बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई गई थी।
बैंकॉक में हुई बैठक के बाद जारी किए गए एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नसीर खान जंजुआ के बीच एक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई।
बैठक में भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर और पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी भी शामिल हुए।
बयान के मुताबिक, “शांति और सुरक्षा, आतंकवाद, जम्मू एवं कश्मीर और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शांति सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।”
dharmpath.com dharmpath