पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड में अनिल दुजाना गिरोह के शामिल होने का शक है।
पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर जुनपत गांव में सेवानिवृत्त इंजीनियर राजकुमार शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। दिसम्बर 2013 में उनके बेटे नरेन्द्र की दादरी में हत्या कर दी गई थी। राजकुमार के परिवार को पुलिस की सुरक्षा भी दी गई थी। उनके घर में पांच पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात राजकुमार अपने घर में मौजूद थे। इसी बीच एक स्विट कार पर सवार कुछ लोग उनके घर में घुसे और राजकुमार व उनके सरकारी गनर बागपत निवासी नितिन वर्मा पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। राजकुमार को छह और नितिन को तीन गोलियां लगीं।
बदमाशों ने दोनों को गोली मारने के बाद घर के बाहर करीब 40 चक्र गोलीबारी की और वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुचाया, जहां दोनों की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में शक के आधार चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को शक है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे अनिल दुजाना गिरोह का हाथ है।
dharmpath.com dharmpath