रबात, 2 जनवरी (आईएएनएस)। करीब 1100 अफ्रीकी प्रवासियों ने मोरक्को की सीमा पर लगी बाड़ पर धावा बोलकर स्पेन के सेउटा एंक्लेव में घुसने की कोशिश की। इस घटना में 55 सीमा गार्ड घायल हो गए। मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सेउटा सरकार ने इसे ‘अत्यंत हिंसक और संगठित’ घटना बताया है। यह नए साल के पहले दिन हुई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने गृह मंत्रालय के एक बयान के हवाले से कहा कि इस प्रयास को मोरक्को पुलिस ने नाकाम कर दिया और सभी अवैध प्रवासियों की गिरफ्तारी कर ली गई।
बयान में कहा गया कि इस तरह का प्रयास कर रहे लोगों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। अदालत उनके कार्य के आधार पर मोरक्को सीमा से निष्कासन या इससे भी गंभीर फैसले देगी।
हजारों उप-सहारा अफ्रीकी प्रवासी मोरक्को में अवैध रूप से रह रहे हैं। यह यूरोप में एक बेहतर जीवन की आशा में सेउटा और मेलिया में हर साल दाखिल होने की कोशिश करते हैं।
दोनों शहरों की सीमा पर 6 मीटर ऊंची तार की बाड़ इन्हें मोरक्को से अलग करती है।
बीते कुछ सालों में मोरक्को ने यूरोप जाने वाले अवैध प्रवासियों के खिलाफ एक सख्त नीति अपनाई है, लेकिन उनकी स्थिति को नियमित करने के लिए एक रास्ता खोला गया है।
मोरक्को ने देश में अवैध प्रवासियों की स्थिति को नियमित करने के लिए दिसंबर में दूसरे चरण की शुरुआत की थी। इसके प्रथम चरण के तहत 25,000 लोगों को कानूनी दर्जा दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath