सैफ खेलों के पहले दिन भारत का दबदबा

शिलांग, 6 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय श्रेष्ठता कायम रखते हुए दक्षिण एशियाई खेलों-2016 के 12वें संस्करण के पहले दिन शनिवार को अपना दबदबा बनाए रखा।

भारतीय तीरंदाजों ने कंपाउंड एंड रिकर्व स्पर्धा में चार स्वर्ण और चार रजत पदक पक्के कर लिए।

मौजूदा चैम्पियन तरुणदीप राय और गुरुचरन बेसरा ने पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीय दीपिका कुमारी और बोंबेला देवी लैशराम के साथ क्रमश: रिकर्व स्पर्धा के पुरुष एवं महिला वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

भारत की शीर्ष तीरंदाज दीपिका और बोंबेला देवी महिलाओं की रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में एकदूसरे के सामने होंगी। दीपिका ने बांग्लादेश की ब्यूटी रे को और बोंबेला देवी ने भूटान की कर्मा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

महिलाओं की कंपाउंड स्पर्धा में भारत की पूर्वाशा सुधीर शेंडे भारत की ज्योति सुरेखा वेनम से भिड़ेंगी। पूर्वाशा ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश की तमन्ना परवीन को जबकि ज्योति ने बांग्लादेश की ही सुष्मिता बानिक को हराया।

पुरुषों की कंपाउंड स्पर्धा में भारत के अभिषेक वर्मा और रजत चौहान एकदूसरे को खिताबी चुनौती देंगे। अभिषेक ने भूटान के त्सेवांग दोर्जी को और रजत ने भूटान के ही तासी देलजोर को हराया।

बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम ने लीग चरण में मालदीव और बांग्लादेश को हराया। भारत ने दोनों ही मैच 3-0 के अंतर से जीते। किदांबी श्रीकांत, अजय जयराम और एच. एस. प्रनॉय ने जहां एकल मुकाबले जीते वहीं मनु अत्री और सुमीत रेड्डी तथा अक्षय देवालकर और प्रनव जेरी चोपड़ा की जोड़ियों ने जीत हासिल किए।

भारतीय टीम को मालदीव, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है।

टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने मालदीव और पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

मणिका बत्रा, मधूरिका पाटकर और पूजा सहस्रबुद्धे ने मालदीव की टीम को 3-0 से मात दे दी। इसके बाद भारतीय टीम पाकिस्तानी महिलाओं के खिलाफ भी 3-0 से एकतरफा जीत हासिल करने में सफल रही।

मणिका ने आईएएनस से कहा, “हमने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अब हमारा उद्देश्य फाइनल जीतना है, लेकिन हमें इसके लिए कठिन मेहनत करनी होगी।”

हालांकि मणिका ने यह भी स्वीकार किया सेमीफाइनल में श्रीलंकाई टीम से उन्हें कठिन चुनौती मिल सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493