पटना, 6 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी पार्टी जनता दल (युनाइटेड) के जिलाध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक यहां शनिवार को हुई, जिसमें राज्य सरकार के बेहतर कार्यो तथा सरकार के न्याय के साथ विकास तथा सुशासन की छवि को जनता तक पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया।
पटना में शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तबीयत खराब रहने के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपस्थित नहीं हुए। मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं को कई निर्देश दिए।
बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार के बेहतर कार्यो से जनता को अवगत कराते हुए सरकार की सुशासन एवं न्याय के साथ विकास की छवि को और भी बेहतर बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी भी पार्टी की रीढ़ होते हैं।
पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने बताया कि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जिलाध्यक्षों को पार्टी के जिला कार्यालय भवन निर्माण के लिए स्थल का चयन करने तथा जिला संगठन को मजबूत करने एवं पंचायत स्तर तक पार्टी संगठन को ले जाने की व्यापक कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पूर्व बिहार विधानसभा अध्यक्ष तथा पार्टी उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व मंत्री पी.के. शाही व लेसी सिंह समेत कई नेताओं ने भाग लिया।
dharmpath.com dharmpath