नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की इलेक्ट्रॉनिक कंपनी सैमसंग ने बुधवार को भारत में पहला आंखों की पुतली पहचानने वाला 7 इंच का टैबलेट लांच किया।
इस टैबलेट का प्रयोग प्रमाणीकरण संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए किया जा सकता है, जिसमें ई-केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें), ई-हस्ताक्षर और अन्य सरकारी सेवाओं जैसे जन-धन योजना और ई-नागरिक आदि प्रमुख हैं।
‘भारत में बना’ 13,999 रुपये की कीमत वाला सैमसंग गैलेक्सी टैब आइरिस भारत विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (आधार) के अनुकूल है जो वास्तविक समय पर प्रमाणीकरण प्रदान करता और वित्तीय तथा नागरिक सेवाओं जैसे बीमा, दूरसंचार उपभोक्ता प्रमाणीकरण, हवाईअड्डा के आव्रजन आदि तक त्वरित पहुंच सक्षम बनाता है।
सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स के उपाध्यक्ष सुकेश जैन ने बताया, “हम आइरिस प्रौद्योगिकी समाधान को ‘डिजिटल इंडिया’ कार्यक्रम को बढ़ावा देने और इससे संबंधित सुविधाओं को मुहैया कराने के लिए एक साधन के रूप में इस्तेमाल की काफी संभावना देखते है।”
वे आगे कहते हैं, “इस टैबलेट का प्रयोग विभिन्न क्षेत्रों में हो सकता है जिसमें बैंकिंग, वित्त, शिक्षा आदि प्रमुख हैं।”
आंख की पुतलियों के प्रमाणीकरण लागू करने से सरकारी विभाग विभिन्न सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार जैसे पेंशन वितरण, भूमि रिकार्ड की पुष्टि आदि में गड़बड़ी आदि को रोका जा सकता है।
इस टैबटेल में सुरक्षा के लिए ‘सैमसंग नोक्स’ और ‘सिक्योर बूट’ का प्रयोग किया गया है कि जो इसकी हैकिंग से सुरक्षा करता है।
यह 7 इंच का टैबलेट 1024 गुणा 600 डिस्प्ले, 1.2 गीगाहर्टज क्वाड कोर प्रोसेसर, 1.5 जीबी रैम, 8 जीबी इंटरनल स्टोरेज (जिसे 200 जीबी तक मेमोरी कार्ड के माध्यम से बढ़ाया जा सकता है) और 5 मेगापिक्सल कैमरे से लैस है।
इस टैबलेट में 3,600 एमएएच की बैटरी लगी है। यह 14 भारतीय भाषाओं में काम करता है। हालांकि अभी तक इसके जारी करके की तिथि की सटीक जानकारी नहीं मिली है।
dharmpath.com dharmpath