नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वह वाराणसी में एक रैली के दौरान गिर गई थीं, जिसके बाद उनके कंधे का ऑपरेशन करना पड़ा। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने शनिवार को कंधे और हाथ का हल्का अभ्यास भी किया।
कांग्रेस अध्यक्ष को तीन अगस्त को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल से जारी बुलेटिन में शनिवार को कहा गया कि उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डी. एस. राणा ने कहा, “सोनिया गांधी की स्थिति में सुधार हो रहा है। उनकी हालत स्थिर है और सभी प्रमुख मापदंड सामान्य हैं।”
उन्होंने कहा, “आज वह टहलीं और कुछ अभ्यास भी किया।”
राणा ने यह भी कहा कि सर गंगा राम अस्पताल के हड्डी विभाग के कंसल्टेंट डॉ. प्रतीक गुप्ता और उनका ऑपरेशन करने वाले मुंबई के चिकित्सक डॉ. संजय देसाई उनके स्वास्थ्य की इस प्रगति से खुश हैं।
सोनिया गांधी का गुरुवार को ऑपरेशन किया गया था।
कांग्रेस अध्यक्ष को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब वह शरीर में पानी की कमी और बुखार से भी पीड़ित थीं।
सोनिया गांधी को शुरुआत में आर्मी रिसर्च एवं रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद सहित कई नेताओं ने सेना के अस्पताल में जाकर उनसे मुलाकात की थी।
dharmpath.com dharmpath