नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गांधी ‘देश की अंतरात्मा की आवाज थे’ और शास्त्री ‘स्वतंत्र भारत के प्रभावशाली व्यक्ति’ थे।
सोनिया ने कहा, “उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के लिए जिन सिद्धांतों को अपनाया, उसने समूचे विश्व में स्वतंत्रता-संग्राम को नए सिरे से परिभाषित किया।”
उन्होंने बापू को एक ऐसे मार्गदर्शक व्यक्तित्व के रूप में याद किया, जिन्होंने भारत को नेतृत्व और प्रेरणा दी। उन्होंने पूरे विश्व को अहिंसा, करुणा, मानव गरिमा और प्रतिबद्धता का पाठ पढ़ाया।
21वीं सदी के युवा पुरुषों व महिलाओं में उम्मीद जताते हुए सोनिया ने कामना की कि गांधीवादी विचार और उनके कार्य आने वाली पीढ़ी को भी सच्चाई, समानता, न्याय व सार्वभौमिक प्रगति के पथ पर मार्गदर्शन करना जारी रखेंगे।
दो अक्टूबर को देश राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाता है।
सोनिया ने शास्त्री को स्वतंत्र भारत का एक प्रभावशाली व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जीवन में शुचिता के उच्चतम मानक स्थापित करने के साथ-साथ उन्होंने एक आत्मनिर्भर व मजबूत भारत को लेकर प्रतिबद्धता जताई थी।”
उन्होंने कहा, “शास्त्री द्वारा दिया गया नारा ‘जय जवान जय किसान’ आज भी भारत के कोने में प्रतिध्वनित होता है।”
dharmpath.com dharmpath