सोनिया पर नस्लभेदी टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन (लीड-1)

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की नस्लभेदी टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को पार्टी कार्यकताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अशोका रोड स्थित दफ्तर के बाहर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस महिला समिति की 50 से अधिक सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का झंडा लिए प्रदर्शनकारियों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मामलों के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ नारे लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की।

उल्लेखनीय है कि गिरिराज सिंह ने गुरुवार को पटना में संवाददाताओं से कहा, “अगर राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियाई महिला से शादी की होती और वह गोरी नहीं होती तो क्या कांग्रेस उन्हें अपना नेता चुनती।”

अपनी इस टिप्पणी पर चौतरफा आलोचना झेलने के बाद गिरिराज ने इस पर खेद व्यक्त करते हुए कहा था कि उन्होंने यह टिप्पणी अनौपचारिक बातचीत के दौरान की थी।

कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने ‘नारी का अपमान, मोदी जी की चुप्पी’ जैसे नारे लगाए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “तकरीबन 46 महिलाओं को बस में बिठाकर तिलक मार्ग पुलिस थाना लाया गया, जहां पर उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में रखा गया और फिर छोड़ दिया गया।”

इससे पहले गुरुवार सुबह लगभग 9.30 बजे नई दिल्ली क्षेत्र में विट्ठल भाई पटेल हाउस के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त एम.के मीणा ने आईएएनएस को बताया, “लगभग 30-32 लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है।”

कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग भी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493