सोनिया, राहुल को अदालत में घसीटने के लिए मोदी जिम्मेदार : कांग्रेस

नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अदालत में घसीटने के लिए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

कांग्रेस का आरोप है कि सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका के पीछे प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार का हाथ है।

पार्टी ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को अदालत में घसीटने के लिए स्वामी को जेड श्रेणी की सुरक्षा देकर और लुटियन्स दिल्ली में बंगला देकर पुरस्कृत भी किया गया है।

कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें विश्वास है कि स्वामी की इस याचिका के पीछे भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मोदी का हाथ है।

आजाद ने नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत में सोनिया और राहुल की पेशी से पहले कहा, “आपने आज अखबार में पढ़ा ही होगा कि सरकार ने किस तरह सुब्रमण्यम स्वामी को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी और उन्हें सरकारी आवास उपलब्ध कराया गया है।”

आजाद ने कहा, “जेड श्रेणी की सुरक्षा और आधिकारिक निवास उन्हें पुरस्कार स्वरूप दिया गया है।”

उन्होंने कहा, “भाजपा और प्रधानमंत्री कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बना रहे हैं, लेकिन हम डरेंगे नहीं।”

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, “जिस तरह से मोदी सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है, हम संसद के अंदर और बाहर भी इसके खिलाफ लड़ेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493