नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों की शनिवार को निंदा की। साथ ही हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पार्टी ने ट्वीट किया, “पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसे बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करार दिया है, जिसे किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।”
वहीं, राहुल गांधी ने कहा, “दुख और पीड़ा की घड़ी में मेरी प्रार्थना फ्रांस के लोगों के साथ है।”
उन्होंने यह भी कहा, “आतंकवाद, स्वतंत्रता को नहीं हरा सकता। इससे मूर्खतापूर्ण हिंसा के खिलाफ लड़ने का हमारा संकल्प और मजबूत होगा।”
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, “कट्टरता, कभी भाईचारे की जगह नहीं ले सकती और आतंकवाद, मानवता के बढ़ते कदम को नहीं रोक पाएगा। पेरिस इसे साबित कर देगा।”
पेरिस में शुक्रवार रात हुए हमलों में मरने वालों की संख्या 153 हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath