चेन्नई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। सोने की कीमत कई दिनों की गिरावट के बाद बुधवार को अपने पुराने स्तर पर बरकरार रही। यह जानकारी क्षेत्र के एक जानकार ने दी।
मद्रास ज्वैलर्स एंड डायमंड मर्चेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जयंतीलाल चेलानी ने यहां आईएएनएस से कहा, “सोने की कीमत आज (बुधवार को) कल (मंगलवार) के स्तर पर बरकरार रही। 22 कैरेट वाले सोने की कीमत प्रति ग्राम 2,360 रुपये पर बरकरार रही।”
उन्होंने हालांकि कहा कि कीमत में और गिरावट हो सकती है।
चांदी की कीमत बुधवार को मामूली बढ़कर 36.15 रुपये प्रति ग्राम हो गई, जो एक दिन पहले 36.05 रुपये थी।
कीर्तिलाल्स के व्यापार रणनीति निदेशक सूरज शांताकुमार ने आईएएनएस से कहा, “आभूषणों में लंबी सिकड़ी और हार की बिक्री अधिक होगी।”
आभूषण निर्माताओं ने कहा कि हीरे की कीमत एक समान नहीं रह सकती है। आकार, रंग, कैरेट और स्वच्छता के आधार पर अलग-अलग हीरे की कीमत अलग-अलग होगी।
चेलानी के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के निधन के शोक में गुरुवार को करीब 3,000 आभूषण की दुकानें बंद रहेंगी।
कलाम का निधन 27 जुलाई को हो गया था और गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार है।
dharmpath.com dharmpath