नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने बुधवार को अपने मंत्री सोमनाथ भारती से घरेलू हिंसा मामले में आत्मसमर्पण करने के लिए कह दिया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवा ने कहा कि सोमनाथ ‘पूरी पार्टी और अपने परिवार के लिए शर्मिदगी कारण बन चुके हैं’।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, “सोमनाथ को आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। वह आखिर भाग क्यों रहे हैं? आखिर उन्हें जेल जाने से इतना डर क्यों लग रहा है? अब वह पार्टी और अपने परिवार वालों के लिए शर्मिदगी का कारण बनते जा रहे हैं।”
केजरीवाल ने यह भी कहा कि सोमनाथ को पुलिस के साथ सहयोग करना चाहिए।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पहली बार सोमनाथ के खिलाफ जाकर इस मामले में कुछ बोला है, जिसे अब तक ‘निजी पारिवारिक विवाद’ कहा जाता रहा है।
सोमनाथ के खिलाफ उनकी पत्नी लीपिका मित्रा द्वारा घरेलू हिंसा मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सोमनाथ की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
अदालत ने जनवरी, 2014 में सोमनाथ द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र मालवीय नगर में आधी रात को अफ्रीकी महिलाओं के साथ की गई बदसलूकी वाले मामले का जिक्र करते हुए कहा है कि सोमनाथ ‘न सिर्फ घर के अंदर हिंसक और घृणित बर्ताव करते रहे हैं, बल्कि सार्वजनिक तौर पर भी उनका यह चेहरा देखा जा चुका है’।
जांच से भाग रहे सोमनाथ पर केजरीवाल के बयान पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने पत्रकारों से कहा, “आखिर केजरीवाल की नींद खुल ही गई और साढ़े तीन महीनों के बाद उन्हें इस मामले की गंभीरता समझ में आई।”
dharmpath.com dharmpath