हांगकांग, 28 मई (आईएएनएस)। भारतीय महिला स्कवॉश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा अपना 12वां पेशेवर स्कवॉश संघ (पीएसए) खिताब जीतने से चूक गईं। वह शनिवार को एचकेएफसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में न्यूजीलैंड की जोले किंग से 9-11, 9-11, 11-9, 8-11 से हार गईं।
इससे पहले किग ने क्वार्टर फाइनल में दीपिका पल्लीकल को मात देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्त दिखाया था।
विश्व की नंबर-13 खिलाड़ी जोशना ने सेमीफाइनल में मौजूदा चैम्पियन एनी एयू को हराया था।
शनिवार को हुआ फाइनल मुकाबला काफी कड़ा रहा। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। न्यूजीलैंड की किंग ने पहले दो गेम में 11-9 की बढ़त हासिल कर ली थी।
तीसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने 11-9 से शानदार वापसी की, लेकिन वह फाइनल गेम में 8-11 से हार गईं।
सितंबर में एनएससीआई ओपन के बाद जोशना का यह पहला पीएसए फाइनल था।
इससे पहले दीपिका और महेश मानगांवकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। पिछले साल के पुरुष मुकाबले के उप-विजेता सौरव घोषाल ने चोट के कारण इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था।
dharmpath.com dharmpath