नई दिल्ली, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में स्क्रब टाइफस बीमारी के रोगियों की बढ़ती संख्या और मौतों को देखते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने राज्य सरकार से एक विस्तृत रपट मांगी है। नड्डा ने हिमाचल सरकार को इस स्थानिक रोग से निपटने में हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
नड्डा ने कहा कि केन्द्रीय मंत्रालय राज्य सरकार के अनुरोध पर एक विशेषज्ञ समिति भेजने के लिए तैयार है।
नड्डा ने कहा कि मंत्रालय बहुत ही बारीकी से इस पर नजर बनाए हुए है और यदि जरूरत हुई तो इस स्थिति से निपटने के लिए मंत्रालय हिमाचल सरकार को हर तरह की मदद देगा। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल सरकार को भी अवगत करा दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने समुदाय स्तर पर लोगों द्वारा किए जाने वाले निवारक कदम के बारे में कठोर जागरूकता अभियान शुरू करने की जरूरत पर बल दिया, साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों को सजग और किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार रहने का भी निर्देश दिया एवं स्क्रब टाइफस के बारे में जागरूकता फैलाने, रोकथाम और नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में भी जानकारी रखने को कहा है।
स्क्रब टाइफस ओरिएंटिया सुतसुगामुसी जीवाणु के कारण होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जो मिट्टी में मौजूद संक्रमित लार्वा घुन के काटने से फैलती है। हिमाचल एक ऐसा क्षेत्र है, जहां स्क्रब वनस्पति प्रचुर मात्रा में पाई जाती है।
dharmpath.com dharmpath