स्वच्छ भारत की तरह ‘स्वच्छ मुख अभियान’ भी चले : डॉ. मयेकर

रायपुर, 16 जनवरी (आईएएनएस)। लता मंगेश्कर, सैफ अली खान, करिश्मा कपूर, करीना कपूर, शाहरूख खान जैसे कई फिल्मी सितारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले विश्व प्रसिद्ध दंत रोग विशेषज्ञ व भारतीय दंत विज्ञान के ‘ऐस्थेटिक पितामह’ डॉ. संदेश मयेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन अभियान की तरह दांतों की स्वच्छता को लेकर स्वच्छ मुख अभियान भी चलाया जाना चाहिए।

डॉ. मयेकर ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में लता मंगेशकर अपने दांतों पर खास निगाह रखती हैं। दांतों की हल्की सी दर्द पर वे तुरंत सलाह लेती हैं। 87 साल की उम्र में भी दांतों की ऐसी देखभाल करना अपने आप में वाकई तारीफ के काबिल है। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर के सारे के सारे दांत अब तक सही हैं।

डॉ. संदेश मयेकर ने कहा कि उनके पास आने वाले फिल्मी सितारों को वे सारे दोस्त कह सकते हैं, पर बड़ी बात यह है कि जब कोई फिल्मी सितारा आपको अपना दोस्त कहे, इस मामले में वे काफी भाग्यशाली है कि लता दीदी ने उनके नॉन फिल्मी दोस्तों में डॉ. संदेश मयेकर को शामिल किया है।

डॉ. मयेकर रविवार को 32 डेंटल अकादमी रायपुर के एक कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर आए थे। उन्होंने खास चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने देश विदेश में दांतों की स्वच्छता और उसके स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की है। डॉ. मयेकर ने कहा कि उनका यह छत्तीसगढ़ का तीसरा दौरा है। इससे 10-12 साल पहले भी वे छत्तीसगढ़ आए थे। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में इतने सारे विशेषज्ञों को देखकर कहा जा सकता है कि छत्तीसगढ़ में लोग दांतों की स्वच्छता को लेकर काफी सतर्क हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493