स्वार्थ की राजनीति धर्मनिरपेक्ष गठबंधन के लिए बाधक : रघुवंश प्रसाद सिंह

पटना, 12 मई (आईएएनएस)। एक ओर जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट करने में लगे हैं, वहीं बिहार में महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सियासी हमला करते हुए यहां गुरुवार कहा कि स्वार्थ की राजनीति धर्मनिरपेक्ष गठबंधन के लिए बाधक है।

राजद के नेता ने कहा कि नीतीश अकेले घूमकर धर्मनिरपेक्ष ताकतों को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “पहले धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एकजुट करने का प्रयास किया जाना चाहिए। सभी दल एक साथ जुटते और तब नेता का चुनाव किया जाना चाहिए, लेकिन पहले से ही कुछ लोग अपने को प्रधान बताकर घूमने लगे हैं।”

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने बिहार के महागठबंधन पर भी प्रश्न खड़ा करते हुए कहा कि बिहार में कहीं कोई महागठबंधन नहीं है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कहां महागठबंधन की बैठकें होती हैं?

उन्होंने कहा, “बिहार में कोई महागठबंधन नहीं है। कथित महागठबंधन में तीनों दलों के केवल कुछ नेता सरकार में शामिल हैं। पार्टी और संगठन के स्तर पर कोई समन्वय नहीं है।”

बिहार सरकार के शराबबंदी के फैसले पर भी उन्होंने नीतीश को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिहार में शराब से रिकॉर्ड राजस्व किसके सरकार में प्राप्त हुआ? नीतीश बताएं पहले शराब क्यों बिकवाई?

उल्लेखनीय है कि बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में जद (यू), कांग्रेस और राजद शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493