कोलकाता, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। सिगरेट निर्माता कंपनी आईटीसी ने शनिवार को कहा कि उसने अपनी सिगरेट फैक्टरियों को फिलहाल बंद कर दिया है जब तक कि स्वास्थ्य चेतावनी को लेकर स्पष्ट नियम सामने नहीं आते हैं।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में कंपनी ने कहा, “आईटीसी ने 1 अप्रैल 2016 से अपनी सिगरेट फैक्टरियों को बंद करने का फैसला किया है, जब तक स्वास्थ्य चेतावनी को लेकर वर्तमान में जारी अस्पष्टता को दूर नहीं कर लिया जाता।”
अब सिगरेट पैकेटों के सामने के 40 फीसदी हिस्से पर चेतावनी संदेश लिखना जरूरी था। वहीं, संसदीय समिति ने लोकसभा में 15 मार्च को पटल पर रखी गई रिपोर्ट में इसे बदलकर सिगरेट पैकेट के 50 फीसदी आगे और पीछे के हिस्से पर चेतावनी लिखने की सिफारिश की है।
उधर सरकार की अधिसूचना के मुताबिक स्वास्थ्य चेतावनी के फोटोयुक्त संदेश सिगरेट पैकेट के आगे और पीछे के 85 फीसदी हिस्से पर होना चाहिए।
कंपनी ने कहा है कि संसदीय समिति की सिफारिश के बाद इस संबंध में सरकार को नई अधिसूचना जारी कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
dharmpath.com dharmpath