स्टॉकहोम, 10 जनवरी (आईएएनएस)। स्टॉकहोम के दक्षिणी इलाके में स्थित एक हवाईअड्डे पर रविवार को एक यात्री के बैग में संदिग्ध वस्तु पाए जाने के बाद हवाईअड्डे को खाली कराया गया।
स्वीडिश टेलीविजन ने एक रपट में कहा कि कावत्सा हवाईअड्डे पर एक यात्री द्वारा अपने बैग में विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ लेकर चेक इन करने के प्रयास के बाद बम निरोधक दस्ते ने बैग की जांच की।
पुलिस के प्रवक्ता रोलांड लिंदविस्त ने चैनल से कहा, “बैग की मालकिन की पहचान हो गई है और वह हमारे साथ सहयोग कर रही हैं। वह एक बुजुर्ग महिला हैं और उन्हें इस वक्त गिरफ्तार नहीं किया गया है।”
समाचार पत्र एफ्तोंब्लादेत की एक रपट के मुताबिक, हवाईअड्डे के प्रस्थान क्षेत्र व लगेज क्षेत्र को सील करने के बाद सभी उड़ानों को विलंबित कर दिया गया है।
स्वीडिश टेलीविजन के मुताबिक, लिंदविस्त ने कहा कि हम कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहते थे, इसलिए बम निरोधक दस्ते को बुलाना जरूरी समझा।
भोजनावकाश के वक्त पुलिस ने कहा कि हवाईअड्डे को कोई खतरा नहीं है।
dharmpath.com dharmpath