हमारी नजरें अब पाकिस्तान, आस्ट्रेलिया के साथ मुकाबलों पर : उपाध्याय

एंटवर्प, 24 जून (आईएएनएस)। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल में लगातार दो जीत के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मिडफील्डर ललित उपाध्याय ने बुधवार को कहा कि अब टीम की नजर पूल-ए में पाकिस्तान और फिर विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया से होने वाले मुकाबलों पर है।

भारत ने यहां शनिवार को पहले मैच में फ्रांस को 3-2 और मंगलवार को पोलैंड को 3-0 से हराया। भारतीय टीम अगला मैच शुक्रवार को पाकिस्तान से खेलेगी। इसके बाद रविवार को टीम को विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर कायम आस्ट्रेलिया से भिड़ना है।

उपाध्याय ने कहा, “हमने शुरुआती दो मैच जीत लिए हैं और हमारी नजर अब पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया से होने वाले मुकाबलों पर है। हम एक टीम की तरह खेल रहे हैं और हमारी कोशिश है कि हम गेंद पर अपनी पकड़ जल्दी न गंवाए। हमारी कोशिश यहां से पूल के सभी मैचों को जीतने की होगी।”

वाराणसी के उपाध्याय ने साथी खिलाड़ी देवेंद्र सुनील वाल्मीकि की भी प्रशंसा की, जिन्होंने अपने पहले टूर्नामेंट के दोनों मैचों में एक-एक गोल किए।

उपाध्याय के अनुसार, “वाल्मीकि का कौशल ‘डी’ में देखने लायक है। उन्हें पता होता है कि गेंद कहां मारनी है। उनकी फुर्ती और तत्परता भी शानदार है। उन्हें आगामी मैचों में भी अपने इस लय को बनाए रखना होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493