मॉस्को, 9 अगस्त (आईएएनएस)। रूस ओलम्पिक समिति के अध्यक्ष एलेक्जेंडर झुकोव ने मंगलवार को कहा कि उनके देश के अधिकतर पैरालम्पिक एथलीट पूर्ण रूप से साफ-सुथरे हैं और वह रियो पैरालम्पिक में हिस्सा लेने के हकदार हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, झुकोव ने कहा कि रूस की पैरालम्पिक समिति के पास अदालत जाने का सही कारण है, क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) का पैरालम्पिक खेलों से रूसी एथलीटों को हटाने का फैसला अनुचित, राजनीतिक और दबावपूर्ण है।
झुकोव ने इस संदर्भ में अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) द्वारा रूस के एथलीटों को रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने की अनुमति देने के फैसले का उदाहरण दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि रूसी की पैरालम्पिक टीम को रियो पैरालम्पिक खेलों में हिस्सा लेने का अधिकार है।
आईपीसी ने रविवार को अपने बयान में रियो पैरालम्पिक से रूसी एथलीटो पर तुरंत प्रभाव के साथ प्रतिबंध लगाने की बात कही थी।
रियो में सात से 18 सितम्बर तक पैरालम्पिक खेलों का आयोजन होगा।
dharmpath.com dharmpath