वाशिंगटन, 2 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के दावेदारों में सबसे आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के साथ अमेरिका के व्यापार घाटे की तुलना चीन के बलात कर्म (रेप) से की है। ट्रंप इस मुद्दे पर आए दिन अफसोस जताते हैं और उनका संकल्प है कि अगर वह राष्ट्रपति बने तो इस पर नकेल कसेंगे।
ट्रंप ने रविवार को इंडियाना राज्य के फोर्ट वायने में अपनी दूसरी रैली के दौरान चीन द्वारा अमेरिका को किए जा रहे बड़े पैमाने के निर्यात का जिक्र करते हुए कहा, “हम चीन को हमारे देश से बलात कर्म (रेप) करते रहने की इजाजत नहीं दे सकते और वे यही कर रहे हैं।”
समाचार चैनल ‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप चीन पर अक्सर अपनी मुद्रा में हेरफेर करने का आरोप लगाते हैं, ताकि वह वैश्विक बाजार में अपने निर्यात को और अधिक प्रतिस्पर्धी बना सके। उनका आरोप है कि चीन, अमेरिका के कारोबार का ‘दम’ निकाल रहा है।
ट्रंप के इस चुनावी अभियान में रविवार को ऐसा पहली बार हुआ, जब उन्होंने व्यापार में चीन के दबदबे के लिए ‘रेप’ शब्द का उपयोग किया।
ट्रंप ने अमेरिका के साथ चीन के संबंध का रेप के रूप में जिक्र करने से पूर्व कहा, “हम इसकी कायापलट करने जा रहे हैं। हमारे पास चालें हैं, यह न भूलें। हम उस गुल्लक की तरह हैं, जिसे लूटा जा रहा है। हमारे पास चालें हैं। हमारे पास चीन से निपटने के लिए पर्याप्त शक्ति है।”
उन्होंने कहा कि उन्हें चीन पर नहीं बल्कि अमेरिका के ‘बेहद अयोग्य’ नेताओं पर गुस्सा आता है।
ट्रंप ने 2011 में न्यू हैम्पशायर में एक रक्षा उत्पाद बनाने वाले संस्थान में भी कहा था कि ‘चीन, अमेरिका से रेप कर रहा है।’
dharmpath.com dharmpath