उप्र : कांग्रेसी विधायक अजय राय 6 माह बाद रिहा

वाराणसी/फतेहगढ़, 2 मई (आईएएनएस)। सांस्कृतिक नगरी काशी में छह महीने पहले साधु-संतों की प्रतिकार यात्रा के दौरान हुए बवाल के बाद से जेल में बंद कांग्रेस विधायक अजय राय सोमवार की दोपहर एक बजे फतेहगढ़ जेल से रिहा हो गए।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा चुनाव प्रभारी राजेशपति त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी, प्रदेश सचिव कौशलेंद्र सिंह यादव व सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जेल के मुख्यद्वार पर माला पहनाकर विधायक का स्वागत किया।

विधायक दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ निकले। रास्ते में कन्नौज देहात, कन्नौज शहर समेत आधा दर्जन स्थानों पर उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। विधायक सोमवार की रात कानपुर में रुकेंगे और मंगलवार की शाम बनारस पहुंचेंगे। बनारस में पार्टी की ओर से उनके स्वागत की तैयारी की गई है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेशपति त्रिपाठी ने कहा कि सत्ताधारी दलों ने झूठे आरोप लगाकर विधायक को फंसाया था। आज न्याय की विजय हुई है। जनता आने वाले समय में इसका जवाब सत्ताधारी दलों को जरूर देगी।

गौरतलब है कि प्रतिकार यात्रा के दौरान हुए बवाल के बाद 6 अक्टबर, 2015 को कांग्रेस विधायक अजय राय को बाबतपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। शुरू में उन्हें बनारस जिला जेल में रखा गया था, बाद में फतेहगढ़ भेज दिया गया।

बनारस से काफी दूर भेज दिए जाने के कारण समर्थकों को विधायक से मुलाकात करने में भी काफी परेशानी होती थी। इसी दौरान उन पर रासुका भी लगा दिया गया था।

अजय राय की रिहाई के साथ बनारस में उनके स्वागत की भव्य तैयारी भी शुरू हो गई। शहर के प्रमुख चौराहों पर होर्डिग-बैनर, पोस्टर और कांग्रेस के झंडे लग गए हैं। विधायक मंगलवार शाम चार बजे इंग्लिशिया लाइन चौराहे पर कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493