हमारे पास पहले से अधिक सुविधाएं मौजूद : बिबियानो

कुआलालम्पुर (मलेशिया), 20 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-16 फुटबाल टीम के मुख्य कोच बिबियानो फर्नाडीस ने शुक्रवार को यहां वियतनाम के खिलाफ होने वाले अंडर-16 एएफसी चैम्पियनशिप के मुकाबले से पहले कहा कि उनकी टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार है और उनके पास पहले से अधिक सुविधाएं हैं।

इस टूर्नामेंट की शीर्ष चार टीमों को पेरू में 2019 में होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप में सीधा प्रवेश मिलेगा।

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अनुसार, इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता की तैयारी के रूप में भारत ने कुल 20 मैच खेले और कोच ने माना कि इनसे उनकी टीम को बहुत लाभ हुआ है।

बिबियानो ने कहा, “हमने जापान, सर्बिया, इराक, मलेशिया, जॉर्डन, अमेरिका, कैमरून और अन्य टीमों के खिलाफ खेला। जितनी भी टीमों का हमने सामना किया वह सभी यूथ फुटबाल में उच्च स्तरीय टीम है और हम कुछ मैच जीतने में भी कामयाब हुए। सभी मैचों ने हमें इस टूर्नामेंट के लिए तैयार होने में मदद की और मैं खेल मंत्रालय तथा एआईएफएफ को धन्यवाद देनो चाहूंगा क्योंकि हमारे पास पहले से अधिक सुविधाएं हैं और हम पूरी तरह से तैयार हैं।”

उन्होंने यह भी माना कि टूर्नामेंट में मजबूत टीमों का सामना करना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी।

बिबियानो ने कहा, “हर टीम अपनी चुनौती पेश करेगी। ईरान यूथ फुटबाल में पावरहाउस है और अपनी शारीरिक क्षमता के लिए जाना जाता है। वियनताम हमारे लिए बहुत मुश्किल चुनौती पेश करेगा। वह टैकल स्टाइल पर भरोसा करते हैं और उन्हें हराने के लिए हमें उच्च स्तरीय फुटबाल खेलनी होगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493