कोच्चि, 1 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद के. वी. थॉमस ने बुधवार को कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ई.अहमद को मंगलवार को ही मृत घोषित कर दिया गया था, लेकिन अस्पताल इस पर खामोश बना रहा और देर रात 2.15 बजे इसकी घोषणा की।
थॉमस ने आईएएनएस से कहा कि राम मनोहर लोहिया अस्पताल जिस तरीके से लोकसभा सदस्य के निधन के मामले से पेश आया, वह ‘रहस्यमय’ था।
अहमद को अस्पताल ने आधिकारिक रूप से मंगलवार देर रात मृत घोषित किया।
थॉमस ने कहा कि मंगलवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अभिभाषण के बाद जब वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि अहमद नहीं रहे।
उन्होंने कहा, “लेकिन जल्द ही चीजें बदल गईं, सबकुछ रहस्यमय और विचित्र लगने लगा।”
थॉमस ने कहा, “जब अहमद के बच्चे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें अपने पिता को देखने नहीं दिया गया। उनके साथ चिकित्सक भी मौजूद थे और उन्हें भी अंदर जाने नहीं दिया गया।”
थॉमस ने आरोप लगाया कि यह पूरा नाटक बुधवार को आम बजट पेश करने के लिए किया गया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, “देखिए, बजट योजनाबद्ध तरीके से पेश हो गया।”
कोट्टायम से लोकसभा सदस्य जोस लालकृष्ण मणि ने आईएएनएस से कहा कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें डॉक्टरों के हाव-भाव देखकर लगा कि वे अहमद को बचा नहीं पाए हैं।
उन्होंने कहा, “थोड़ी देर बाद जब एक केंद्रीय मंत्री अस्पताल आए और अधिकारियों से मुलाकात की, तो उनके व्यवहार में परिवर्तन आया। मंत्री भी हमारे पास नहीं आए, जबकि हम बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे।”
वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने कहा कि यह ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’ है कि संसद के एक वरिष्ठ सदस्य का निधन हो गया, और केंद्रीय बजट बुधवार को पेश हो गया।
dharmpath.com dharmpath