पटना, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल ने यहां बुधवार को हम के राजग से अलग होने का संकेत देते हुए कहा कि अगर दल में सबकी सहमति होगी तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ छोड़ा जा सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजग में जो भी रहेगा, उसे अल्पसंख्यकों का वोट नहीं मिलेगा।
हम के प्रदेश अध्यक्ष पटेल ने संवाददाताओं से कहा, “भाजपा के साथ गठबंधन होने के कारण चुनाव में हमें नुकसान हुआ है। भाजपा के साथ अल्पसंख्यक वोट नहीं है। सबकी सहमति होगी तो भाजपा का साथ छोड़ा जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के विकास के बिना देश की तरक्की की बात नहीं की जा सकती।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व हम के प्रमुख जीतन राम मांझी ने भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के आरक्षण वाले बयान को गलत समय में दिया गया बयान बताया था।
विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी ने राजनीति से संन्यास ले लिया था। इसके बाद वृषिण पटेल को नया प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया था।
dharmpath.com dharmpath