हम सभी के लिए बुरा दिन था : शेरिंघम

कोलकाता, 4 जनवरी (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम एटीके के कोच टेडी शेरिंघम ने कहा है कि बुधवार का दिन उनकी टीम के लिए काफी खराब था क्योंकि उन्हें एफसी गोवा के खिलाफ होने वाले मैच से पहले काफी इंतजार करना पड़ा।

एटीके और गोवा के बीच मैच दो घंटे की देरी से शुरू हुआ था। गोवा की टीम मैच शुरू होने से महज दो घंटे पहले कोलकाता पहुंची थी।

बुधवार सुबह गोवा के डाबोलिम अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विमान एमआईजी-29के रनवे पर फिसल गया जिससे इसमें आग लग गई। इस दुर्घटना के कारण हवाई अड्डे पर विमान संचालन प्रभावित हुआ और गोवा की टीम समय से कोलकाता नहीं पहुंच पाई। गोवा के खिलाड़ियों को पूरे दिन इंतजार करना पड़ा। इसके बाद दिल्ली से गई चाटर्ड फ्लाइट से उन्हें कोलकाता ले जाया गया।

काफी देरी के बाद मैच रात 10:45 पर शुरू हुआ। गोवा की टीम 8:59 पर कोलकाता पहुंची थी। उसने 9:42 मिनट पर विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन में कदम रखा था।

मैच वैसे आठ बजे शुरू होना था, लेकिन इस देरी के कारण मैच तकरीबन तीन घंटे की देरी से शुरू हुआ। यह मैच 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

मैच के बाद एटीके के कोच शेरिंघम ने कहा, “यह हमारे लिए काफी बुरा दिन रहा, यह देखकर पता चलता है। हालांकि कुल मिलाकर एक अंक हासिल कर मैं काफी खुश हूं। गोवा की टीम अच्छी है। हम जितनी कोशिश कर सकते थे उतनी कोशिश की। मेरा मानना है कि कोई भी टीम जीत सकती थी।”

रोबी कीन ने चौथे मिनट में एटीके के लिए गोल किया था, लेकिन आईएसएल के इस सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा गोल करने वाले गोवा के फेरान कोरोमिनास ने 24वें मिनट में बराबरी का गोल कर टीम की मैच में वापसी कराई।

शेरिंघम ने कहा, “हमने सोचा था कि हम उनकी थकान का फायदा उठा सकते हैं। हमने शुरुआती बढ़त लेने की कोशिश की। गोवा के बीते कुछ दिन काफी मुश्किल रहे हैं। हमारे लिए यह आसान नहीं था। हमारे भी कुछ बुरे दिन रहे हैं। हमारे लिए यह थकान वाला दिन था। यह दोनों टीमों के प्रदर्शन से देखा जा सकता था।”

इंग्लैंड के इस पूर्व खिलाड़ी ने देर रात तक इंतजार करने के लिए प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493