हरारे एकदिवसीय : भारत को जीत के लिए चाहिए 124 रन (लीड-1)

हरारे, 15 जून (आईएएनएस)। जसप्रीत बुमराह (22 रन चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने बुधवार को तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के अंतिम मैच में जिम्बाब्वे को 123 रनों पर ही ढेर कर दिया।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जारी इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 42.2 ओवरों में ही पवेलियन लौट गई।

इस मैच में एक बार फिर भारतीय गेंदबाज जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों पर पूरी तरह हावी रहे। सबसे सफल गेंदबाज बुमराह रहे। उन्होंने अपने कोटे के 10 ओवरों में 22 रन देकर चार विकेट लिए।

जिम्बाब्वे के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके। वुसिमुजी सिबांडा ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उनके अलावा चामु चिबाबा (27), टिमयसेन मारुमा (17) और नेविले माडजिवा (10) ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके।

भारत को पहली सफलता धवल कुलकर्णी ने दिलाई। उन्होंने सलामी बल्लेबाज हेमिल्टन मसाकाड्जा (8) को 19 के कुल स्कोर पर आउट कर मेजबान टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद चिबाबा और सिबांडा ने दूसरे विकेट के लिए संघर्ष करते हुए 36 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में दोनों बल्लेबाजों ने 14.4 ओवर खेले।

लेग स्पिनर यजुवेन्द्र चहल ने चिबाबा को बुमराह के हाथों कैच करा इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद सिबांडा ने मारुमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी की। चहल एक बार फिर जिम्बाब्वे के लिए खतरा साबित हुए। उन्होंने सिबांडा को 89 के कुल स्कोर पर अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर टीम को तीसरी सफलता दिलाई।

इसके बाद बुमराह ने अपना कहरा ढाया और लगातार अंतराल पर विकेट लेते रहे। दूसरे छोर से भी उन्हें अच्छा सहयोग मिल रहा था जिसके कारण मेजबान 150 का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

बुमराह के अलावा चहल ने दो विकेट लिए। कुलकर्णी और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

भारत शुरुआत के दो मैच जीतकर पहले ही श्रृंखला अपने नाम कर चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493