हरियाणा में पंजाब के वाहनों को सोमवार को रोकेगा इनेलो

चंडीगढ़, 9 जुलाई (आईएएनएस)। सतलुज-यमुना संपर्क नहर के मुद्दे पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को हरियाणा आने वाले पंजाब के वाहनों को रोकने का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर हरियाणा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

इस बीच, पंजाब में अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर सरकारी बसों को सोमवार को पंजाब नहीं भेजने का फैसला किया है।

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने रविवार को कहा कि पंजाब से हरियाणा आने वाले वाहनों को रोककर अपना विरोध जताने की सभी तैयारियां उनकी पार्टी ने पूरी कर ली हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा।

इनेलो की मांग है कि हरियाणा में अधिक पानी लाए जाने के लिए पंजाब में अविलंब सतलुज-यमुना संपर्क नहर का निर्माण किया जाए।

चौटाला ने कहा, “पंजाब के लोगों के प्रति सद्भाव प्रदर्शित करने के लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने पंजाब से आने वाले मुसाफिरों को फूल देने का इंतजाम किया है। कार्यकर्ता मुसाफिरों से आग्रह करेंगे कि वे नहर के निर्माण के लिए पंजाब सरकार पर दबाव बनाएं।”

इनेलो ने पांच जगहों पर वाहनों को रोकने का ऐलान किया है। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर लालरू-चंडीगढ़ का इलाका, अंबाला-शंभू सीमा, नरवाना-धनौरी सीमा, फतेहाबाद जिले में रतिया-बुधलादा रोड (जखाल बिंदु) और सिरसा जिले में डबवाली शामिल हैं।

चौटाला इन पांचों जगहों पर हेलीकाप्टर से जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन सुबह नौ बजे से अपरान्ह तीन बजे तक होगा। इस बारे में पुलिस को जानकारी दे दी गई है।

एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को प्रदर्शन से छूट दी गई है।

हरियाणा के कृषि और किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने इनेलो के प्रदर्शन को दिखावा करार देते हुए कहा है कि इससे कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नहर के मामले में हरियाणा का पक्ष पहले से ही मजबूत है। प्रदर्शन से इस पर आघात ही लगेगा।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बी.एस.संधू ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की दस अतिरिक्त कंपनियों की हरियाणा सरकार ने मांग की है।

कुछ जगहों पर पुलिस ट्रैफिक का रूट बदलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493