चंडीगढ़, 1 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि पिछले वर्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य की सत्ता में आने के साथ ही जाति और क्षेत्र के आधार पर राज्य को बांटने वाला दौर भी खत्म हो गया।
खट्टर ने कहा, “मौजूदा सरकार के सत्ता में आने से पहले राज्य जाति और क्षेत्र में बंटा हुआ था, लेकिन अब यह ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक’ की तर्ज पर आगे बढ़ रहा है। राज्य के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।”
मुख्यमंत्री अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘हॉर्मनी-2015’ के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस महोत्सव के आयोजन राष्ट्रीय एकीकृत कलाकार एवं कार्यकर्ता मंच (एनआईएफएए) ने करनाल में किया था।
खट्टर ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में समान विकास सुनिश्चित कर रही है और जैसा कि पहले होता रहा है किसी क्षेत्र विशेष को तवज्जो नहीं दी जा रही।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सभ्यता एवं संस्कृति का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खास महत्व है। हमारी संस्कृति में मौजूद नैतिक एवं सामाजिक मूल्य एवं सांस्कृतिक मूल्य हमें दिशा देते हैं।”
dharmpath.com dharmpath