मुंबई, 21 जनवरी (आईएएनएस)। रोमांटिक फिल्मों से अभिनय की पारी की शुरुआत करने वाले अभिनेता गिरीश कुमार का कहना है कि वह अन्य प्रकार के किरदार भी करना चाहते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपनी चॉकलेटी हीरो की छवि को ही बरकरार रखना चाहते हैं, गिरीश ने कहा, “मैं हर प्रकार की भूमिका निभाने के लिए तैयार हूं। देखते हैं भविष्य में क्या होता है।”
गिरीश ने अपनी पहली फिल्म प्रभुदेवा निर्देशित ‘रमैया वस्तावैया’ में एक ऐसे प्रेमी की भूमिका निभाई है जो अपनी प्रेमिका के भाई का दिल जीतने के लिए एक अमीर आदमी की जगह ग्रामीण बन जाता है।
आज के युवाओं के प्रेम संबंधों पर आधारित अपनी दूसरी फिल्म ‘लवशुदा’ में वह एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गौरव की भूमिका में नजर आएंगे।
‘लवशुदा’ के बारे में गिरीश ने कहा, “यह युवाओं पर आधारित फिल्म है। मुझे उम्मीद है कि जब यह रिलीज होगी तो लोग इसे देखेंगे और पसंद करेंगे।”
वैभव मिश्रा के निर्देशन में बनी फिल्म में नवनीत कौर ढिल्लों भी हैं।
फिल्म पांच फरवरी को रिलीज की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath