मुंबई, 27 जुलाई (आईएएनएस)। आगामी फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ के अभिनेता और निर्माता शाहरुख खान का कहना है कि वह गीत ‘हवाएं’ बारिश में ही जारी करना चाहते थे, जिससे यह गीत दर्शकों पर अधिक प्रभाव छोड़ सके।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। इस पर शाहरुख ने कहा, “मैं ‘हवाएं’ बारिश में जारी करना चाहता था। मैं चाहता था सभी भीग जाएं और गीत का आनंद लें।”
यह गीत बुधवार को जारी हुआ।
गीत के बारे में शाहरुख ने कहा, “यह खूबसूरत प्रेम गीत है। गीत का शीर्षक आज के मौसम जैसा है। ‘हवाएं’। गीत खूबूसरती से फिल्माया गया है। यह सहज गीत है। इसे बनाने के लिए प्रीतम ने इम्तियाज और इरशाद कामिल के साथ बहुत मेहनत की है।”
संवाददाता सम्मेलन में शाहरुख के साथ फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली, सह-कलाकार अनुष्का शर्मा और संगीतकार प्रीतम भी थे।
गीत के बारे में इम्तियाज अली ने कहा कि ‘हवाएं’ हैरी और सेजल के बीच के संबंधों पर फिल्माया गया सबसे अंतरंग गीत है।
निर्देशक ने कहा, “हम पांचवा गीत रिलीज कर रहे हैं। हम पिछले गीतों के परिणाम से उत्साहित है। हम खुश हैं कि सभी ने इसे पसंद किया। ‘हवाएं’ एक रोमांटिक गीत है, जिसकी शूटिंग बुडापेस्ट में हुई।”
‘जब हैरी मेट सेजल’ 4 अगस्त को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath