हांगकांग, 30 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध चित्रकार पिकासो की एक दुर्लभ पेंटिंग यहां प्रदर्शित की गई, जिसमें पिकासो की फ्रेंच प्रेमिका का चित्र उकेरा गया है। पेंटिंग की प्रदर्शनी इसके वैश्विक दौरे के शुभारंभ के अवसर पर यहां लगाई गई है। इससे पांच करोड़ डॉलर प्राप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ‘मैरी-थेरेसे वाल्टर’ नामक पेंटिंग को 28 फरवरी को पहली बार लंदन में ‘सोथबाय इंप्रेसनिस्ट एंड मॉडर्न आर्ट इवनिंग सेल’ में बिक्री के लिए रखा जाएगा।
मॉडर्न आर्ट डिपार्टमेंट के प्रमुख जेम्स मेकी ने कहा कि पिकासो की श्रेष्ठ कृति ‘गौर्निका’ और ‘द वीपिंग वूमैन’ के कुछ महीनों बाद दिसंबर 1937 में बनाई गई इस पेंटिग को पहली बार बिक्री के लिए पेश किया जा रहा है।
यह पेंटिंग गोल चपटी टोपी लगाए एक महिला की है, जो चारखानेदार पोशाक पहने हुए है।
हांगकांग में यह पेंटिंग शुक्रवार तक जनता को दिखाने के लिए रखी गई है। इसके बाद इसे ताइपे, न्यूयॉर्क और लंदन ले जाया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath