हाफ टाइम से पहले बढ़त लेना अहम रहा : चेन्नइयन कोच

बेंगलुरू, 18 मार्च (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन का खिताब जीतने वाले चेन्नइयन एफसी क्लब के कोच जॉन ग्रेगोरी ने कहा कि खिताबी मुकाबले के पहले हाफ में बेंगलुरू एफसी के खिलाफ बढ़त लेना अहम रहा।

श्री कांतिरावा स्टेडियम में शनिवार रात खेले गए फाइनल मैच में चेन्नइयन ने मेजबान बेंगलुरू को 3-2 से हराकर आईएसएल का खिताब दूसरी बार अपने नाम किया।

चेन्नई की टीम इससे पहले 2015 में भी चैम्पियन बनी थी। चेन्नई ने साल 2015 में एफसी गोवा को हराते हुए पहली बार चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया था। वह दो बार यह खिताब जीतने वाली दूसरी टीम (एटीके के बाद) बन गई है। एटीके ने 2014 और 2016 में यह खिताब जीता था।

मैच के बाद एक बयान में ग्रेगोरी ने कहा, “पहले हाफ की समाप्ति में टीम को 1-0 की बढ़त हासिल करते देख काफी खुशी हुई। इससे हमें काफी फायदा हुआ।”

ग्रेगोरी ने कहा, “मैंने अपने खिलाड़ियों को दूसरे हाफ में क्लीन शीट रखने को कहा था और हमने मैच जीत लिया। हमने अनुशासन के साथ मैच खेला और इस चीज को सुनिश्चित रखा कि बेंगलुरू को खेल में वापसी का मौका न मिले।”

चेन्नइयन के कोच ग्रेगोरी ने टीम की ओर से किए गए तीसरे गोल की अहमियत भी बताई। उन्होंने कहा कि इस गोल से टीम ने राहत की सांस ली थी।

उन्होंने कहा, “तीसरे गोल से हमें राहत की सांस लेने में मदद मिली। वह निश्चित तौर पर हमारे साथ बराबरी की कोशिश में थे। हम 3-1 का स्कोर भी कर सकते थे और यह और भी बेहतर होता। मैं बेंगलुरू के दूसरे गोल से निराश था। मैं मैच के अंतिम कुछ सेंकेड के समय अपनी घड़ी को बार-बार देख रहा था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493