‘हाय-हैलो’ मैसेज से परेशान तेजस्वी

पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़कों की बदहाल स्थिति बताने के लिए जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर पर अधिकांश मैसेज हाय-हैलो के आ रहे हैं। ऐसे मैसेजों से राज्य के उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव खासा परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि वे अविवाहित हैं, इसलिए इतना मैसेज झेल गए, यदि शादीशुदा होते तो बड़ी समस्या हो सकती थी।

तेजस्वी ने मंगलवार को इसका खुलासा करते हुए कहा कि सड़कों की समस्या सुधारने के लिए विभाग ने जो व्हाट्सएप नंबर सार्वजनिक किया है, उस पर समस्याओं के सुधार से ज्यादा हाय, हैलो जैसे मैसेज आ रहे हैं।

दरअसल, पथ निर्माण मंत्री ने 29 जून को सड़क की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए यह अनोखी पहल की है। सोशल साइटों पर क्रियाशील रहने वाले तेजस्वी ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी कर कहा था कि अगर आपकी सड़क खराब है तो एक तस्वीर खींचिए और इस नंबर पर भेज दीजिए, बदहाल सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी।

विभाग द्वारा जारी व्हाट्स एप नंबर पर अभी तक 40 हजार से भी ज्यादा मैसेज आ चुके हैं, लेकिन अधिकांश मैसेज सड़क समस्या की नहीं, बल्कि हाय, हैलो के हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र तेजस्वी ने संभावना व्यक्त की, “लोग इसे मेरा पर्सनल व्हाट्स एप नंबर समझ कर मैसेज करते हैं।”

उन्होंने आगे मजाकिया लहजे में कहा, “अविवाहित हूं, इसलिए इतना मैसेज झेल गया, शादीशुदा होता तो बड़ी समस्या हो सकती थी।”

पथ निर्माण विभाग के अनुसार, विभाग के व्हाट्स एप नंबर पर सड़क समस्या से जुड़े सिर्फ 160 ही मैसेज आए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493