लखनऊ, 8 फरवरी (आईएएनएस)। बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के मुद्दई मोहम्मद हाशिम अंसारी (96) की हालत स्थिर बनी हुई है। सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत के बाद उन्हें शनिवार को यहां के किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के लारी कार्डियोलॉजी की आईसीयू में भर्ती कराया गया था। सोमवार को अंसारी ने डॉक्टरों से जल्दी से ठीक कर घर भेजने का अनुरोध किया।
अंसारी का इलाज करा रहे केजीएमयू के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वेद प्रकाश ने आश्वस्त किया कि वह अब पहले से बेहतर हैं।
डॉ. प्रकाश ने बताया कि अंसारी का ब्लड प्रेशर, पल्स रेट और हार्ट बीट सामान्य है। रविवार को भी उनका एक्स-रे और खून की जांच कराई गई। सभी रिपोर्ट सामान्य आई। उन्हें भर्ती हुए अभी 48 घंटे नहीं हुए हैं। 72 घंटे के बाद ही उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल उनकी हालत ठीक है।
डॉ. प्रकाश के मुताबिक, उन्हें खाने में कोई परहेज नहीं बताया गया है। उनकी पसंद का खाना डॉक्टरों की निगरानी में दिया जा रहा है।
हाशिम अंसारी के बेटे इकबाल ने बताया कि उन्होंने घर से रोटी-दाल व मिठाई मंगाकर खाई है।
वहीं, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.एस. नारायण ने बताया कि हाशिम अंसारी के स्वास्थ्य की जांच लगातार की जा रही है। पेसमेकर लगा होने की वजह से उसकी भी नियमित जांच की जा रही है, ताकि उन्हें हृदय संबंधी कोई समस्या न हो।
मालूम हो कि शाम मो. हाशिम को लारी कार्डियोलॉजी की आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
dharmpath.com dharmpath