जम्मू, 1 जून (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के एक निकट सहयोगी को पकड़ने के एक सप्ताह बाद जम्मू एवं कश्मीर में सुरक्षा बलों ने बुधवार को सर्वाधिक वांछित आतंकवादी के एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार करने का दावा किया।
इससे पहले वानी के एक निकट सहयोगी तारिक पंडित को पिछले सप्ताह पुलवामा से गिरफ्तार किया गया था।
सेना की उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल एस.डी.गोस्वामी ने आईएएनएस को बताया, “सुरक्षा बलों ने सर्वाधिक वांछित हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर वानी के करीबी सहयोगी को दक्षिणी कश्मीर के त्राल इलाके से गिरफ्तार किया है।”
गोस्वामी ने कहा, “एक विशेष सूचना पर पुलिस और सैन्य बलों ने अब्दुल अजीज दार के बेटे नूर मोहम्मद दार को बुधवार को पुलवामा जिले के गुलशनपोरा त्राल से गिरफ्तार किया।”
उन्होंने यह भी बताया कि विशेष सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने जम्मू एवं कश्मीर में पिछले सात दिनों में आतंकवादियों के चार ठिकानों का पता लगाया और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए।
बयान के अनुसार, “सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल और राज्य पुलिस के एक विशेष अभियान समूह ने शोपियां जिले में बुधवार को यरवान जंगल में आतंकवादियों के ठिकानों का पता लगाया और इन ठिकानों से एक मैगजीन के साथ एके-47 राइफल, एक चाइनीज ग्रेनेड और एके-46 राइफिल के 76 राउंड भी बरामद किए।”
dharmpath.com dharmpath