नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। श्रीनगर के एक पत्रकार ने पुलिस पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पत्रकार का कहना है कि उसने अपनी वेबसाइट पर हिजबुल मुजाहिदीन का वीडियो बयान जारी किया था। पुलिस ने इसी सिलसिले में उससे पूछताछ की और प्रताड़ित किया।
आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का यह वीडियो एक महीने पहले वेबसाइट पर प्रसारित किया गया था।
पत्रकार विजदान कावुसा कुछ अंतर्राष्ट्रीय वेबसाइट के लिए लिखते हैं। उन्होंने आईएएनएस को ईमेल कर बताया कि उन्हें एक अज्ञात ईमेल से हिजबुल का वीडियो मिला था।
कावुसा का कहना है कि उन्होंने इस सूचना के साथ इस क्लिप को अपनी वेबसाइट पर दिखाया था कि इस वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
पत्रकार को बुधवार शाम को पुलिस साइबर सेल ने तलब किया और आतंकवादी संगठन से सहानुभूति रखने और उससे धन लेने का आरोप लगाया।
पत्रकार का कहना है कि यह सब इसलिए हुआ क्योंकि उनकी ऐसी पहली वेबसाइट थी जिसने इस वीडियो को जारी किया। बाद में जम्मू एवं कश्मीर और उससे बाहर कई मीडिया घरानों ने भी इसे जारी किया।
कावुसा ने आरोप लगाया कि तीन पुलिसकर्मियों ने ‘मुझ पर चिल्लाते हुए कहा कि मेरी वेबसाइट ‘जंडनो डॉट कॉम’ पर समाचार पोस्ट युवाओं को हिंसा में शामिल होने के लिए उकसाती है और इस जुर्म में मेरी समान भागीदारी है।’
उन्होंने मुझे धमकाते हुए कहा कि मैं आतंकवादी संगठन के जिस शख्स के संपर्क में हूं, उसका खुलासा करूं। मैंने उन्हें अपने सभी ईमेल दिखाए और कुछ विशेष ईमेल भी दिखाए। मैंने अपने उस ईमेल खाते का पासवर्ड दे दिया जिस पर अज्ञात ईमेल आया था।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मेरे सभी ईमेल एड्रेस, फोन नंबर, परिवार के सदस्यों के फोन नंबर और मेरी फेसबुक प्रोफाइल का पासवर्ड भी लिया।
पत्रकार का कहना है कि उनका ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया है।
जम्मू एवं कश्मीर में पिछले तीन से अधिक महीनों से चल रहे प्रदर्शन के बीच मीडिया की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार निशाने पर रही है।
घाटी में आठ जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद हुई हिंसा में अब तक 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और लगभग 12,000 लोग घायल हो गए हैं जबकि हजारों लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
dharmpath.com dharmpath