हिमाचल : आयुष्मान भारत के तहत अधिक से अधिक लोगों जोड़ने का निर्देश

शिमला, 9 जनवरी (आईएएनएस)। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने बुधवार को यहां कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत है, और इसी उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना को राज्य में प्रभावी ढंग से शुरू किया गया है। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने का चिकित्सकों को निर्देश दिया।

परमार ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय शिमला रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि रोगियों के पौष्टिक आहार व सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आयुष्मान योजना को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित कर रही है, और इसके साथर ही उन्होंने इस योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हिमकेयर योजना आरम्भ की है, ताकि आयुष्मान भारत योजना के तहत छूटे लोगों को इस योजना के जरिए लाभान्वित किया जा सके।

राज्य सरकार की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में गत वर्ष के दौरान रोगी कल्याण समिति द्वारा किए गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया, तथा वर्ष 2019-20 के बजट को भी स्वीकृति प्रदान की गई। वर्ष 2019-20 के लिए रोगी कल्याण समिति द्वारा 35.31 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान की गई।

बयान के अनुसार, बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल आने वाले रोगियों को एक छत के नीचे ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए पीपी आधार पर एक्सरे सुविधा प्रदान की जाए। यह भी निर्णय लिया गया कि अस्पताल में आउटसोर्स के आधार पर अल्ट्रासाउंड सुविधा प्रदान की जाए।

बैठक में रोगियों के लिए नया रोगी वाहन खरीदने को भी मंजूरी प्रदान की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि रोगी कल्याण समिति की बैठक हर छह महीने में आयोजित की जाए, ताकि गैर सरकारी सदस्य और सरकारी सदस्य अस्पताल की सेवाओं को और सु²ढ़ करने के लिए और बेहतर सुझाव व मार्गदर्शन प्रदान कर सकें।

बैठक में बताया गया कि गत नौ माह के दौरान कल्याण समिति द्वारा 19 लाख रुपये की आय सृजित की गई। बैठक में अस्पताल का कार्य सुचारु रूप से चलाने के लिए चार डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद आउटसोर्स आधार पर भरने को भी मंजूरी दी गई।

बयान के अनुसार, बैठक में स्वास्थ्य सचिव संजय गुप्ता, निदेशक (आयुर्वेद) संजीव भटनागर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय शिमला की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमिता धीमान, रोगी कल्याण समिति के गैर सरकारी सदस्य राजेश शारदा, राकेश मिक, प्रवीण ठाकुर, आशा कुमारी, दिनेश भास्कर, नवनीता सूद, संजीव चौहान व अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493