शिमला, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश को इस साल जुलाई में हुए डिजिटल भारत सप्ताह में योगदान के लिए ई-प्रशासन के मामले में देश में दूसरे स्थान से नवाजा गया है। यह जानकारी रविवार को एक अधिकारी ने दी।
एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि यह पुरस्कार सोमवार को नई दिल्ली में सुशासन दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद के हाथों दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल भारत सप्ताह एक से सात जुलाई को हुआ था और इसका मुख्य उद्देश्य कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को जागरूक करना था। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए और उनकी रिपोर्टिग ऑनलाइन माध्यमों से की गई।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने डिजिटल भारत सप्ताह शुरू करते हुए ई-जिला कार्यक्रम के तहत सात सेवाएं शुरू कीं, जिनमें जन्म और मृत्यु तथा विवाह के पंजीकरण भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में ई-प्रशासन की दिशा में पूरे सप्ताह में कई और कार्यक्रम शुरू किए गए।
प्रवक्ता ने कहा कि सप्ताह भर में 11 हजार से अधिक लोगों के डिजिटल लॉकर खोले गए।
प्रवक्ता के मुताबिक, सिरमौर, शिमला और उना जिलों को भी सर्वाधिक योगदान करने वाले जिलों के तौर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath