हिमाचल प्रदेश में अगले हफ्ते बारिश के कम आसार : मौसम विभाग

शिमला, 14 अगस्त (आईएएनएस)। बीते एक सप्ताह से हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा हो रही है, लेकिन आने वाले सप्ताह में मानसून आमतौर पर कमजोर रहेगा। यह जानकारी मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को दी।

एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि गत शनिवार से कुछ जगहों पर वर्षा हुई है, लेकिन राज्य के उच्चतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ है।

मौसम विभाग ने यहां कहा कि शिमला, नरकंडा, कुफरी, पालमपुर, धर्मशाला, डलहौजी, नहान और मनाली में वर्षा दर्ज की गई है।

राज्य में सबसे ज्यादा वर्षा मनोरम पर्यटक स्थल धर्मशाला में 39.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि कांगड़ा में 30 मिलीमीटर, कसौली में 20.5 मिलीमीटर, मनाली में 6 मिलीमीटर और नहान में 3.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। राज्य की राजधानी शिमला में मात्र 3.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

उन्होंने कहा कि राज्य में 11 से 13 अगस्त के बीच 72 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।

अधिकारी ने कहा, “राज्य में 15 से 19 अगस्त के बीच मानसून कमजोर रहेगा। हल्की बारिश हो सकती है।”

प्रदेश की राजधानी में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यह तापमान धर्मशाला में 16.2 डिग्री सेल्सियस, किन्नौर जिले के कल्पा में 13.4 डिग्री सेल्सियस और मनाली में 13.8 डिग्री सेल्सियस था।

सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में सतलज, ब्यास और यमुना नदी और उनकी सहायक नदियां किन्नौर, शिमला, कुल्लु, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर जिले में उफान पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493