हिमाचल में कहीं बारिश तो कहीं हिमपात

शिमला, 27 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मनमोहक पर्यटन स्थल मनाली और शिमला के ऊपरी हिस्सों जैसे कुफरी, नरकंडा, जुब्बल और कोटखाई में मंगलवार को हिमपात हुआ। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां आईएएनएस से कहा कि बड़े पैमाने पर हिमपात और बारिश के साथ-साथ राज्य में ज्यादातर स्थानों पर तापमान हिमांक से नीचे रहा।

राज्य की राजधानी शिमला में हालांकि बारिश हुई। यहां का तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लाहौल-स्पीति जिले के केलांग का न्यूनतम तापमान हिमांक से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान हिमांक से 6.2 डिग्री नीचे और मनाली का तापमान हिमांक से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मंगलवार सुबह तक केलांग, कल्पा और मनाली शहर में क्रमश: एक सेमी, 13 सेमी और 4.5 सेमी हिमपात दर्ज किया गया।

धर्मशाला में 4.2 मिमी बारिश दर्ज की गई और तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि भूमध्य-कैस्पियन सागर से उठा पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान-अफगानिस्तान की ओर बढ़ रहा है और बुधवार से इसके राज्य में दोबारा से सक्रिय होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493